दंतेवाड़ा (13 अगस्त 2026): स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ के दूसरे दिवस उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात दंतेवाड़ा बस स्टैंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दोनों मुख्य अतिथियों ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया।
211 बलिदानी जवानों को नमन, बस्तर में शांति का नया दौर
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के 211 सर्वोच्च बलिदानी वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बस्तर की जागरूक जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के अमूल्य सहयोग से ही आज क्षेत्र में शांति स्थापित हुई है और नक्सलवाद का खात्मा संभव हो सका है।
डिप्टी सीएम ने भावुक होकर कहा, “यह तिरंगा यात्रा आज उन सुदूर क्षेत्रों से होकर गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण आम लोगों का पहुंचना भी दूभर था। आज उन्हीं अंचलों में पूरे गौरव और उत्साह के साथ भारत की आन-बान-शान तिरंगा लहरा रहा है।”
हर घर तिरंगा फहराने की अपील
कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर अपने-अपने घरों में राष्ट्रध्वज फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाएं।
विकास और राष्ट्रभक्ति का नया वातावरण
बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने यात्रा को ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में बस्तर में सुरक्षा और विकास का नया युग शुरू हुआ है। जिन इलाकों में कभी गोलियों की गूंज थी, आज वहां राष्ट्रभक्ति और विकास का वातावरण है।
वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर सहित प्रशासनिक व पुलिस तंत्र के उच्चाधिकारी—बस्तर आईजी श्री बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह और डीएफओ श्री रामकृष्ण रंगनाथ वाय विशेष रूप से उपस्थित थे।
