संवेदनशील पहल : मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया की मदद से जशपुर के अविनाश को मिला नया जीवन, CM विष्णु देव साय का जताया आभार

जशपुर: छत्तीसगढ़ में जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया एक बड़ा संबल बनकर उभर रहा है। इसी संवेदनशील व्यवस्था का प्रत्यक्ष प्रमाण जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंडरीपानी में देखने को मिला, जहां 21 वर्षीय युवक अविनाश नायक का रायपुर स्थित डीकेएस (DKS) सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में सफल उपचार कराया गया। स्वस्थ होने के बाद अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से भेंट की और उनके प्रति हृदय से आभार जताया।

जन्मजात विकृति और आर्थिक तंगी बनी थी बाधा अविनाश नायक जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अंगुली में मांसपेशियों व हड्डी के असामान्य विस्तार (असामान्य वृद्धि) की समस्या से जूझ रहे थे। जैसे-जैसे उम्र बढ़ी, समस्या गंभीर होती गई और उनका चलना-फिरना व सामान्य दिनचर्या प्रभावित होने लगी। पूर्व में जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उच्च संस्थान में बड़े ऑपरेशन की सलाह दी थी, किंतु परिवार की बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते महंगा इलाज करा पाना संभव नहीं था।

कैंप कार्यालय की तत्परता से रायपुर में हुआ सफल इलाज निराशा के बीच अविनाश ने अपनी समस्या को लेकर बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंप कार्यालय द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया और प्रशासनिक स्तर पर त्वरित समन्वय स्थापित कर अविनाश को रायपुर भेजा गया। रायपुर के प्रतिष्ठित डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। ऑपरेशन के बाद अविनाश की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ है और वे अब बिना किसी परेशानी के चलने-फिरने में सक्षम हैं।

मुलाकात में छलके आंसू, CM ने दी शुभकामनाएं स्वस्थ होकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे अविनाश ने भावुक होते हुए कहा, “परिवार की माली हालत ऐसी नहीं थी कि इतने बड़े ऑपरेशन का खर्च उठा पाते। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की मदद से मुझे नई जिंदगी मिली है।” मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अविनाश के पूरी तरह स्वस्थ होने पर प्रसन्नता जताई और उनके उज्ज्वल व आरोग्यमय भविष्य की कामना की।

बगिया स्थित कैंप कार्यालय वर्तमान में न केवल जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण का केंद्र बना हुआ है, बल्कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे निर्धन नागरिकों को संजीवनी प्रदान कर जन-कल्याणकारी शासन का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *