दृष्टिबाधा नहीं बनी रुकावट : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दृष्टिबाधित छात्रा जयमंती को सौंपा विशेष लैपटॉप, शिक्षक बनने के सपने को मिली डिजिटल उड़ान

जशपुर: मजबूत इरादों और अदम्य हौसले के आगे कठिन से कठिन शारीरिक बाधाएं भी घुटने टेक देती हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण पेश किया है जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोरिया की शत-प्रतिशत दृष्टिबाधित छात्रा जयमंती खेस ने। उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज को शिक्षित करने का संकल्प लेने वाली जयमंती की पढ़ाई को अब अत्याधुनिक तकनीक का मजबूत सहारा मिल गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज ग्राम बगिया स्थित अपने निवास पर जयमंती को विशेष सॉफ्टवेयर युक्त लैपटॉप भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जयमंती वर्तमान में रायपुर स्थित शासकीय डिग्री गर्ल्स कॉलेज में बी.ए. अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। आंखों की रोशनी न होने के बावजूद उनके अध्ययन का जुनून और लगन निरंतर कायम है।

“आगे क्या बनना चाहती हो?”—सवाल पर जयमंती ने दिया आत्मविश्वास भरा जवाब लैपटॉप वितरण के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जयमंती से आत्मीय संवाद किया और उनकी शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। जब मुख्यमंत्री ने पूछा, “आगे क्या बनना चाहती हो?”, तो जयमंती ने पूरे आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया—“शिक्षक बनना चाहती हूं।”

जयमंती के इस दृढ़ निश्चय की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने उनका उत्साहवर्धन किया और कहा, “शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं। अपनी पढ़ाई पूरी लगन और मेहनत से करें। दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम से जीवन की हर चुनौती को पार कर अपने सपनों को साकार किया जा सकता है।” मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि दिव्यांग विद्यार्थियों को संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनदर्शन से मिला त्वरित समाधान, समाज कल्याण विभाग ने तैयार कराया लैपटॉप जयमंती ने अपनी उच्च शिक्षा की राह को आसान बनाने के लिए कलेक्टर जनदर्शन में विशेष लैपटॉप उपलब्ध कराने की गुहार लगाई थी। छात्रा की प्रतिभा और लगन को देखते हुए जिला प्रशासन व समाज कल्याण विभाग ने तत्काल कदम उठाए और उनकी जरूरतों के अनुरूप स्क्रीन-रीडिंग व वॉइस-असिस्टेड सॉफ्टवेयर से युक्त लैपटॉप तैयार करवाया, जिसे मुख्यमंत्री के हाथों जयमंती को सौंपा गया।

तकनीक बनेगी आवाज, सुनकर कर सकेंगी संपूर्ण अध्ययन समाज कल्याण विभाग के अनुसार, इस लैपटॉप में इनबिल्ट विशेष सहायक सॉफ्टवेयर स्क्रीन पर मौजूद पाठ्य सामग्री को आवाज (ऑडियो) में रूपांतरित करता है। इस आधुनिक सुविधा के माध्यम से जयमंती डिजिटल ई-बुक्स, नोट्स और ऑनलाइन शैक्षणिक संदर्भों को आसानी से सुनकर अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगी। मुख्यमंत्री से मिले इस उपहार और संबल ने जयमंती के शिक्षक बनने के लक्ष्य को नई ऊर्जा व गति प्रदान की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *