जशपुर: जशपुर जिले में मानव और वन्यजीवों के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व स्थापित करने की दिशा में वन विभाग की अभिनव पहल ‘गजरथ यात्रा’ को एक महत्वपूर्ण पहचान मिली है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अपने गृहग्राम बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में जशपुर वनमंडल द्वारा तैयार की गई पुस्तक ‘गजरथ यात्रा-भाग 02’ का गरिमामय विमोचन किया। यह पुस्तक हाथी प्रभावित क्षेत्रों में द्वंद्व कम करने, सुरक्षा उपायों और सामुदायिक सहभागिता के प्रयासों का एक समग्र दस्तावेज है।
इस अवसर पर जशपुर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वनमंडलाधिकारी (DFO) श्री शशि कुमार और जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार समेत प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
“जनसुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण सरकार की प्राथमिकता” विमोचन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जशपुर प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता से समृद्ध अंचल है। उन्होंने रेखांकित किया कि हाथियों के विचरण क्षेत्रों और उनके प्राकृतिक व्यवहार के प्रति जनसामान्य को जागरूक करके द्वंद्व की घटनाओं को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने ‘गजरथ यात्रा’ की सराहना करते हुए कहा कि वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों का आपसी तालमेल ही इस सह-अस्तित्व को मजबूती प्रदान कर रहा है।
गांवों और स्कूलों तक पहुंच रहा जागरूकता का संदेश ‘गजरथ यात्रा’ के जरिए वनमंडल की टीमें हाथी प्रभावित गांवों, हाट-बाजारों और शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने और भ्रांतियों को दूर कर व्यावहारिक नजरिया अपनाने के प्रति सचेत कर रही हैं। नई पीढ़ी को भी वन्यजीव संरक्षण की इस मुहिम से जोड़ा जा रहा है ताकि वे समाज में संवेदनशीलता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रसार कर सकें।
‘राज संकेत’ ऐप और आधुनिक तकनीक बनी सुरक्षा कवच हाथियों के दल की रियल-टाइम मॉनिटरिंग और ग्रामीणों तक त्वरित अलर्ट पहुंचाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। ‘राज संकेत’ ऐप के जरिए हाथियों के विचरण की लोकेशन ट्रेस होते ही संबंधित क्षेत्र के निवासियों को मोबाइल मैसेज द्वारा समय रहते सतर्क किया जाता है, जिससे अप्रिय घटनाओं और जन-धन की हानि को टाला जा रहा है।
उत्कृष्ट सेवा देने वाले वनकर्मी हुए सम्मानित मानव-हाथी द्वंद्व प्रबंधन, त्वरित रेस्क्यू और वन्यजीव सुरक्षा में असाधारण योगदान देने वाले वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों व अधिकारियों को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में सजगता से दायित्व निभाने वाले क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और वनकर्मियों के समर्पण की प्रशंसा की।
