पीएम किसान सम्मान निधि से संवरी नारायणपुर के नरेंद्र की खेती: समय पर खाद-बीज मिलने से बढ़ा उत्पादन, सुधरी आर्थिक स्थिति

नारायणपुर:

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना बस्तर अंचल के छोटे और सीमांत किसानों के लिए बड़ा आर्थिक संबल साबित हो रही है। नारायणपुर जिले के वार्ड क्रमांक 15, डुमरतराई निवासी कृषक नरेंद्र कुमार (पिता श्री रामचंद्रा) के जीवन में इस योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। सालाना मिलने वाली ₹6,000 की सम्मान राशि से अब वे समय पर खाद-बीज का प्रबंध कर पा रहे हैं, जिससे उनकी खेती की लागत घटी है और पैदावार में सुधार हुआ है।

कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए सघन प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कृषि विभाग के जरिए नरेंद्र कुमार ने योजना में अपना पंजीयन कराया था।

0.368 हेक्टेयर भूमि पर संवर रही किसानी

नरेंद्र कुमार के पास कुल 0.368 हेक्टेयर कृषि भूमि है। उन्होंने बताया कि पहले हर सीजन में बुवाई के वक्त खाद, उन्नत बीज और कीटनाशकों के लिए पैसों का इंतजाम करना भारी चुनौती बन जाता था। कई बार पूंजी के अभाव में खेती की तैयारियां पिछड़ जाती थीं।

पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ने के बाद हर चार माह में सीधे बैंक खाते में ₹2,000 की किस्त मिलने लगी। इस नियमित वित्तीय सहायता से उन्होंने बुवाई के समय जरूरी कृषि इनपुट्स जुटाए, जिससे समय पर फसल तैयार हुई और पारिवारिक आय में भी इजाफा हुआ।

अन्य किसानों को भी कर रहे जागरूक

आर्थिक स्थिति में सुधार के बाद नरेंद्र कुमार अब अपने गांव और आसपास के अन्य लघु-सीमांत किसानों को भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने किसानों को संबल देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *