स्कूलों तक पहुंचेगी चलती-फिरती विज्ञानशाला: CM विष्णु देव साय ने ‘साइंस ऑन व्हील्स’ को दिखाई हरी झंडी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण व दूरस्थ अंचलों के स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना जगाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक अनूठी पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कैम्प कार्यालय बगिया से आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों से सुसज्जित ‘साइंस ऑन व्हील्स’ (Science on Wheels) मोबाइल विज्ञान प्रयोगशाला को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह चलती-फिरती विज्ञानशाला विशेष रूप से उन क्षेत्रों के स्कूलों में पहुंचेगी, जहां आधुनिक वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं और संसाधनों की पहुंच सीमित है।

मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के भीतर स्वाभाविक जिज्ञासा होती है। इस मोबाइल वैन के जरिए बच्चे किताबों में पढ़े सिद्धांतों को खुद मॉडल और हैंड्स-ऑन प्रयोगों के माध्यम से समझ सकेंगे, जिससे उनमें तार्किक सोच और सवाल पूछने की प्रवृत्ति विकसित होगी।

इन 4 प्रमुख मॉड्यूल्स पर होगी हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग

‘साइंस ऑन व्हील्स’ के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल थ्योरी तक सीमित न रखकर सीधे प्रैक्टिकल से जोड़ा जाएगा:

  • अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी (Space Tech): रॉकेट्री मॉडल, रिमोट सेंसिंग और भारत के अंतरिक्ष मिशनों की रोचक जानकारी।
  • रोबोटिक्स (Robotics): रोबोट्स की प्रोग्रामिंग, असेंबलिंग और भविष्य के तकनीकी कौशल की समझ।
  • सतत विकास (Sustainability): पर्यावरण संरक्षण, जलवायु बदलाव और ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग पर इंटरैक्टिव मॉडल्स।
  • जल निस्पंदन (Water Testing): स्थानीय जल स्रोतों की गुणवत्ता जांच, स्वच्छ जल तकनीक और वैज्ञानिक समाधान।

तीन राज्यों में संयुक्त रूप से संचालित हो रहा प्रोजेक्ट

यह परियोजना भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के सहयोग से संचालित की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर की इस पहल को छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश में प्लक्ष यूनिवर्सिटी (Plaksha University), आईडीवाईएम (IDYM) फाउंडेशन और आईआईटी मंडी (IIT Mandi) के संयुक्त तत्वावधान में लागू किया जा रहा है।

वाहन रवानगी के अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *