जशपुर में ‘विष्णु भैया संग बहनों का रक्षाबंधन’: CM साय ने महिलाओं को दी विकास कार्यों की सौगात, पेड़ पर बांधी राखी

जशपुरनगर। भाई-बहन के अटूट स्नेह के पावन पर्व रक्षाबंधन से पूर्व फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंचायत गारीघाट में ‘विष्णु भैया संग बहनों का रक्षाबंधन’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए ‘महतारी वंदन योजना’ की सितंबर माह की किश्त 25 अगस्त को ही जारी कर दी गई है। इसके तहत प्रदेश की 68 लाख बहनों के बैंक खातों में 631 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। अब तक योजना के तहत 31 किश्तों में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की राशि सीधे माताओं-बहनों तक पहुंचाई जा चुकी है।

महतारी सदन का लोकार्पण और क्षेत्र को निर्माण कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने गारीघाट में 24.70 लाख रुपये की लागत से बने महतारी सदन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह भवन महिला स्व-सहायता समूहों के प्रशिक्षण, बैठक और आजीविका गतिविधियों का मुख्य केंद्र बनेगा। इसके अलावा:

  • लोकार्पण व भूमिपूजन: 18.10 लाख रुपये से बने मुख्य मार्ग से मुण्डाडीह-ढेंगुरझरिया-कोसममुडा आरसीसी पुलिया का लोकार्पण और पगुराबहार में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामाजिक भवन का भूमिपूजन हुआ।
  • नई घोषणाएं: सुबवासुपारा (मुंडाडीह) में सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, महकुल बस्ती में सीसी रोड के लिए 10 लाख रुपये, मेला मैदान शिव मंदिर के पास सांस्कृतिक भवन, अंकिरा में सामुदायिक भवन और बाबू साजबहार में नए महतारी सदन निर्माण की घोषणा की गई।
  • स्वामित्व योजना पट्टा वितरण: अहिल्या बाई, दुलारी बाई, जयंती बाई, सुमित्रा बाई, कमला और समणी बाई को संपत्ति पट्टा सौंपा गया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ और वृक्षों को बांधी राखी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी सदन परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। साथ ही, ‘राखी की धागा, प्रकृति की रक्षा का वादा’ के संदेश के साथ आम के पेड़ पर रक्षासूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया।

नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन, पोषण टोकरी का वितरण

महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने 6 व 7 माह के बच्चों को अन्नप्राशन कराया और गर्भवती महिलाओं को सुपोषण टोकरी प्रदान की। उन्होंने चिकित्सकों से बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाने के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक गोमती साय, पूर्व विधायक भरत साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *