कुनकुरी में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल, आगमन को लेकर तैयारियां पूरी

जशपुर/कुनकुरी (11 अगस्त 2026): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत जशपुर जिले के कुनकुरी में आज विशाल एवं भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज मंगलवार को जशपुर जिले के दौरे पर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कुनकुरी क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 1:20 बजे कुनकुरी विकासखंड के सलियाटोली स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1:30 बजे वे कुनकुरी पहुंचकर आयोजित भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

​तिरंगा यात्रा में सहभागिता के बाद मुख्यमंत्री अपने निज निवास बगिया के लिए रवाना होंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।

कुनकुरी में देशभक्ति का उमड़ेगा जनसैलाब

मुख्यमंत्री के शामिल होने से कुनकुरी एवं आसपास के क्षेत्रों में गजब का माहौल है। इस तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे पदयात्रा करेंगे। यात्रा का मुख्य उद्देश्य जन-जन तक देशभक्ति, अखंडता और राष्ट्र गौरव का संदेश पहुंचाना है।

प्रशासनिक तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री के आगमन एवं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पूर्व में ही यात्रा मार्ग, मंच स्थल और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश जारी कर दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *