Jashpur News: सन्ना में दिव्यांगजन प्रमाणीकरण एवं UDID शिविर, 64 पात्र लाभार्थी चिन्हित

जशपुरनगर, 7 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना में 5 अगस्त को दिव्यांगजन प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी (UDID) कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था।

शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीयन के साथ-साथ शासकीय पेंशन योजनाओं, सहायक उपकरण वितरण तथा दिव्यांग ऋण से संबंधित आवेदन भी स्वीकार किए गए। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, जनपद पंचायत बगीचा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा समाज कल्याण विभाग एवं जनपद पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर में कुल 103 दिव्यांगजन पहुंचे। जांच के बाद 64 दिव्यांगजन यूडीआईडी कार्ड के लिए पात्र पाए गए, जबकि 20 दिव्यांगजनों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए उच्च केंद्र रेफर किया गया। इसके अलावा एक दिव्यांगजन का कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए चिन्हांकन भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती रामप्रसाद यादव (ग्राम मटखरी, एकम्बा, तहसील सन्ना) तथा श्री शिलास कुजूर (सन्ना) को श्रवण यंत्र वितरित कर लाभान्वित किया गया।

जिला प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के विशेष शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक प्रमाण पत्र, पहचान और शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है, ताकि वे सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से आसानी से जुड़ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *