सरगुजा में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी: 61 उपार्जन केंद्रों में तैयारियां अंतिम चरण में, 62 हजार से अधिक किसान पंजीकृत

अम्बिकापुर:

छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप किसानों को पारदर्शी व सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सरगुजा जिले के सभी 61 उपार्जन केंद्रों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

जिले में इस वर्ष कुल 62 हजार 471 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 67 हजार 929.40 हेक्टेयर दर्ज किया गया है।

7 नए उपार्जन केंद्र शुरू, दूरी और परिवहन खर्च घटेगा

किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने पूर्व में संचालित 54 उपार्जन केंद्रों के अलावा 7 नए उपार्जन केंद्र स्थापित किए हैं। अब केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 61 हो गई है। नए केंद्र खुलने से ग्रामीण अंचल के किसानों को लंबी दूरी तय करने से मुक्ति मिलेगी, जिससे उनके समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी।

पेयजल, छाया और बारदानों के पुख्ता इंतजाम

जिले के दरिमा उपार्जन केंद्र सहित सभी सोसायटियों में परिसर की साफ-सफाई, समतलीकरण, किसानों के बैठने के लिए छाया, शुद्ध पेयजल और तौल-कांटों के सत्यापन का काम तेजी से निपटाया जा रहा है। दरिमा उपार्जन समिति के अनुसार वहां करीब 885 पंजीकृत किसान हैं, जिनके लिए टोकन और भंडारण से जुड़ी तमाम व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त की जा रही हैं ताकि आवक के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि खरीदी शुरू होने से पहले सभी केंद्रों में बारदाने, कंप्यूटर ऑपरेटर और इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीनों की जांच पूरी कर ली जाए, जिससे किसानों को किसी भी स्तर पर असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *