रायपुर में भव्य कांवड़ यात्रा: CM विष्णु देव साय ने किया भगवान शिव का रुद्राभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देवाधिदेव महादेव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन किया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से समस्त छत्तीसगढ़वासियों के सुख, शांति, समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और राज्य की निरंतर उन्नति की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ लेकर रवाना हो रहे हजारों शिवभक्तों का उत्साहवर्धन किया और सभी प्रदेशवासियों को सावन माह की शुभकामनाएं दीं।

आस्था, त्याग और सामाजिक एकता का उत्सव

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, आस्था, समर्पण और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। जब समाज के हर वर्ग के लोग एक साथ कंधे से कंधा मिलाकर, नंगे पांव पवित्र जल लेकर निकलते हैं, तो इससे आपसी सद्भाव और एकता का मजबूत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि हमारी यह समृद्ध परंपराएं ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़े रखती हैं।

हटकेश्वरनाथ महादेव की महिमा और धार्मिक पर्यटन का विकास

मुख्यमंत्री ने खारुन नदी तट (महादेव घाट) पर स्थित ऐतिहासिक हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह स्थल छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना का प्रमुख केंद्र है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी प्रमुख तीर्थों, धार्मिक स्थलों और शक्तिपीठों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ छत्तीसगढ़ को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित किया जा रहा है।

दिग्गज जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु रहे मौजूद

इस भव्य धार्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *