जशपुर में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा: 13 दुकानों पर दबिश, पनीर और खोवा में मिला खतरनाक ‘लेड’

जशपुरनगर:

दीपावली पर्व को देखते हुए आम नागरिकों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए जशपुर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। विभाग की टीम ने जिले की 13 प्रमुख दुकानों, होटलों और सुपरमार्केट्स पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।

जांच के घेरे में आईं ये 13 फर्में

खाद्य सुरक्षा अमले ने कुनकुरी और जशपुर शहर सहित ग्रामीण अंचलों में ताबड़तोड़ जांच की। इनमें शामिल प्रमुख प्रतिष्ठान:

  • इम्पीरियल सुपर मार्केट (मेन रोड, कुनकुरी)
  • अशना फास्ट फूड सेंटर (सन्ना रोड, जशपुर)
  • दिलबहार नास्ता सेंटर (बस स्टैंड, जशपुरनगर)
  • आदि वेदायु नुट्रिशनल जूस सेंटर (तिवारी कॉलोनी, जशपुरनगर)
  • शेफ आर.के. बेकरी (पाठक कॉलोनी, जशपुर)
  • अश्विनी अमृततुल्य (डोंडका चौरा, जशपुर)
  • सीजी 14 फैमिली ढाबा (डोंडका चौरा, जशपुर)
  • न्यू स्मार्ट मार्केट (महादेवदंड, बगीचा रोड)
  • मधुबन स्वीट्स (ग्रामीण बैंक के पास, जशपुर)
  • उत्कल रेस्टोरेंट (पुरानी टोली, जशपुर)
  • नीलेश स्वीट्स एवं नीलेश डेयरी (बस स्टैंड, जशपुर)
  • श्री बालाजी बीकानेर स्वीट्स (महाराजा चौक, जशपुर)

मिठाइयों के 8 नमूने लैब भेजे गए

कार्रवाई के दौरान विभाग ने कुल 8 खाद्य पदार्थों के सैंपल जब्त कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। इनमें पेठा, सोनपापड़ी, गुड़ रसगुल्ला, चमचम, खोवा पेड़ा, बेसन लड्डू, मगज बूंदी लड्डू और काला गुलाबजामुन शामिल हैं।

अरुण दूध डेयरी का पनीर और खोवा असुरक्षित घोषित

कार्रवाई के बीच एक बड़ा खुलासा भी सामने आया है। पिछले माह बनिया टोली स्थित ‘अरुण दूध डेयरी’ से लिए गए पनीर और खोवा के नमूनों की जांच रिपोर्ट में खतरनाक सीसा धातु (Lead/Heavy Metal Contamination) पाया गया है। प्रयोगशाला द्वारा दोनों नमूनों को स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक और असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद विभाग ने संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी विवेचना शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन, विशेषकर आगामी दीपावली और क्रिसमस को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *