जशपुर में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन: 200 से अधिक युवाओं ने ली लोकतांत्रिक शपथ, विधायक रायमुनी भगत बोलीं- फेक न्यूज से बचें युवा

जशपुरनगर/रायपुर: जशपुर जिले में युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मंगलवार को शासकीय रा.भ.रा. एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat), जशपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने युवाओं से सीधा संवाद स्थापित कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने तथा ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

देशभर के 500 संस्थानों में चल रहा है राष्ट्रव्यापी अभियान

यह कार्यक्रम 26 अक्टूबर से 5 नवम्बर 2026 तक देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद’ अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक संस्थाओं, चुनावी प्रक्रियाओं और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजगता बढ़ाना है।

विवेकपूर्ण मतदान करें और फेक न्यूज से रहें सतर्क: विधायक रायमुनी भगत

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि युवा शक्ति देश की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए नागरिकों का जागरूक और उत्तरदायी होना सबसे पहली शर्त है।

श्रीमती भगत ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और फेक न्यूज से दूर रहें तथा किसी भी जानकारी की सत्यता की पुष्टि करने के बाद ही उस पर भरोसा करें। मतदान को लोकतंत्र का सबसे बड़ा अधिकार बताते हुए उन्होंने युवाओं से किसी के बहकावे में आए बिना निष्पक्ष और विवेकपूर्ण तरीके से मतदान करने का संदेश दिया।

‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और एसआईआर पर हुआ खुला विमर्श

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों के बीच आयोजित खुला संवाद सत्र रहा। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत और समाजसेवी दीपक गुप्ता ने युवाओं के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक दायित्वों और चुनावी प्रक्रियाओं पर मंथन किया।

सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ (One Nation, One Election) की अवधारणा और इसके ऐतिहासिक पहलुओं पर बेबाकी से सवाल पूछे और अपने विचार साझा किए।

200 से अधिक युवाओं ने ली लोकतांत्रिक मूल्यों की शपथ

कार्यक्रम के समापन पर 200 से अधिक छात्र-छात्राओं और युवाओं ने जागरूक, निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने तथा देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने की सामूहिक लोकतांत्रिक शपथ ली।

इस अवसर पर युवा आइकॉन सूर्यकांत चंद्र, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, समाजसेवी दीपक गुप्ता, ‘मेरा युवा भारत’ के जिला युवा अधिकारी संकेत मित्तल, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में एन.ई.एस. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *