किसानों के हितों की रक्षा: निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने पर ‘अन्नपूर्णा खाद भंडार’ 7 दिनों के लिए सील

जशपुर/पत्थलगांव। किसानों को उचित मूल्य पर खाद-उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन और कृषि विभाग पूरी तरह सतर्क है। पत्थलगांव विकासखंड में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया विक्रय किए जाने की शिकायत मिलने पर कृषि विभाग की टीम ने ‘अन्नपूर्णा खाद भंडार’ पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान को 7 दिनों के लिए सील कर दिया है।

जांच में हुई अधिक वसूली की पुष्टि

शिकायत मिलते ही अनुविभागीय कृषि अधिकारी आर.के. पैंकरा के नेतृत्व में कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने अन्नपूर्णा खाद भंडार का औचक निरीक्षण एवं सत्यापन किया। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई और संबंधित विक्रेता द्वारा निर्धारित शासकीय मूल्य से अधिक दर पर यूरिया बेचे जाने की पुष्टि हुई।

इसके बाद उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को 7 दिवस के लिए तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया तथा विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण माँगा गया है।

“जिले में रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण और निर्धारित मूल्य पर बिक्री की निरंतर निगरानी की जा रही है। किसानों से अधिक दर वसूलने या खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वाले विक्रेताओं पर सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।” > — उप संचालक कृषि, जशपुर

निरीक्षण दल में ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई के दौरान पत्थलगांव के अनुविभागीय कृषि अधिकारी आर.के. पैंकरा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जीवन एक्का, कृषि विकास अधिकारी मंत्री राम राठिया तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कृष्ण कुमार चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे।

किसानों से कृषि विभाग की अपील

कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे दुकानदारों से निर्धारित दर पर ही रासायनिक खाद खरीदें और बिल अवश्य प्राप्त करें। यदि कोई भी विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगता है या किसी भी तरह की कालाबाजारी करता है, तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें ताकि दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ा संज्ञान लिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *