जशपुर के केरसई में बाबा भोलेनाथ के दरबार पहुंचे CM विष्णु देव साय, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम केरसई स्थित प्राचीन बाबा भोलेनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के मुख्य पुजारी द्वारा कराए गए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने शिवलिंग पर जल, पुष्प, बेलपत्र एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव महादेव से समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति, खुशहाली और छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ने की मंगलकामना की।

मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर

पूजा के दौरान पूरे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव की असीम कृपा छत्तीसगढ़ की जनता पर सदैव बनी रहे। राज्य के हर परिवार में खुशहाली आए और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *