सेवा संकल्प अभियान 2026: कृषक उन्नति योजना से बदली सरगुजा में खेती की दिशा, धान छोड़ अदरक उगाने लगे किसान सुनील कुमार सिंह

रायपुर/सरगुजा (17 अक्टूबर 2026):

छत्तीसगढ़ में परंपरागत खेती के दायरे से बाहर निकलकर किसान अब मुनाफे वाली नकदी फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। राज्य में जारी ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में फसल विविधीकरण (Crop Diversification) को जमीनी स्तर पर बढ़ावा मिल रहा है। ‘कृषक उन्नति योजना’ के आर्थिक संबल और कृषि विभाग के तकनीकी सहयोग से किसान नए प्रयोग कर रहे हैं। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम दरिमा के किसान सुनील कुमार सिंह इसकी जीती-जागती मिसाल बनकर उभरे हैं, जिन्होंने पारंपरिक धान की खेती छोड़ एक एकड़ में अदरक की फसल लगाई है।

सुनील कुमार सिंह पिछले साल तक अपने खेतों में सिर्फ धान उगाते थे। इस साल कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (ग्राम सेवक) से चर्चा के बाद उन्होंने कृषक उन्नति योजना के तहत वैकल्पिक और नकदी फसल लेने का फैसला किया।

प्रति एकड़ ₹15 हजार का प्रोत्साहन, लागत का बोझ हुआ कम

योजना के तहत धान के स्थान पर अन्य वैकल्पिक व दलहन-तिलहन या मसाला फसलें अपनाने वाले किसानों को राज्य सरकार प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दे रही है।

सुनील कुमार बताते हैं, “अदरक जैसी मसाला फसलों में बीज, खाद और शुरुआती तैयारी में सामान्य फसलों की तुलना में अधिक खर्च आता है। सरकार से मिलने वाली 15 हजार रुपये की यह प्रोत्साहन राशि इनपुट कॉस्ट (खेती की लागत) की भरपाई कर देती है। इससे जेब पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ता और जोखिम लेने की हिम्मत मिलती है।”

लहलहा रही फसल, बेहतर उत्पादन और मुनाफे की आस

वर्तमान में सुनील के खेत में अदरक की फसल बेहतर स्थिति में है। सुनील कहते हैं, “शुरुआत में धान छोड़ने को लेकर मन में झिझक थी, लेकिन कृषि विभाग की तकनीकी सलाह से खेत तैयार किया। आज फसल की ग्रोथ देखकर बहुत संतोष है। अदरक की बाजार मांग हमेशा मजबूत रहती है, जिससे धान की तुलना में कई गुना अधिक आमदनी मिलने की पूरी उम्मीद है।”

उन्होंने कहा कि अगर शासन की प्रोत्साहन राशि और समय पर तकनीकी मार्गदर्शन मिलता रहे, तो ग्रामीण क्षेत्रों के किसान अपनी बंजर या कम पानी वाली जमीनों का भी बेहतर उपयोग कर सकते हैं। सुनील ने इस व्यावहारिक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कृषि विभाग के प्रति आभार जताया।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को रफ्तार देगा फसल विविधीकरण

राज्य सरकार का मुख्य फोकस केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों को बाजार की मांग के अनुरूप फसलें चुनने के लिए तैयार करना है। केवल धान पर निर्भरता कम होने से जहां भू-जल स्तर का संरक्षण होता है, वहीं किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत तैयार होते हैं। अम्बिकापुर के दरिमा गांव से आई यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि सही नीति और मार्गदर्शन मिले तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था आत्मनिर्भरता के नए रास्ते तलाश सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *