धमतरी में मखाना उत्पादन से आत्मनिर्भरता की नई राह, महिला स्व-सहायता समूहों ने शुरू किया 29 एकड़ में फसल संग्रहण

धमतरी:

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कृषि विविधीकरण और ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण की दिशा में मखाना की खेती एक क्रांतिकारी बदलाव का माध्यम बनकर उभर रही है। जिले के पारंपरिक तालाबों में मखाना उत्पादन की सरकारी पहल अब धरातल पर रंग लाने लगी है। इसी क्रम में ग्राम छाती और डांडेसरा में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा 29 एकड़ क्षेत्र में उपजाए गए मखाना का संग्रहण विधिवत शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही महिलाओं को उपज के वैज्ञानिक संग्रहण और कटाई-पश्चात प्रबंधन (पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट) की आधुनिक तकनीकों से लैस करने की रूपरेखा तैयार की गई है, जिससे उत्पाद की गुणवत्ता सुधरेगी और खुले बाजार में इसके बेहतर दाम सुनिश्चित हो सकेंगे।

केंद्र सरकार की ‘सेंट्रल सेक्टर स्कीम फॉर डेवलपमेंट ऑफ मखाना’ के तहत वर्ष 2025-26 में धमतरी जिले को 165 एकड़ जलक्षेत्र में मखाना विस्तार का लक्ष्य दिया गया था। इसके जवाब में जिला प्रशासन और उद्यानिकी विभाग के तकनीकी सहयोग से अब तक 105 एकड़ क्षेत्र में सफलतापूर्वक मखाना की खेती शुरू कराई जा चुकी है। वर्तमान में ग्राम राखी, छाती, डांडेसरा, पीपरछेड़ी और नगरी विकासखंड के ग्राम सांकरा में इस नकदी फसल का रकबा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

ग्राम छाती और डांडेसरा में शैलपुत्री और नई किरण स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों के लिए 26 अक्टूबर को मखाना संग्रहण एवं विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ग्राम छाती-सेनचुवा की सरपंच दानेश्वरी साहू, कृषि विज्ञान केंद्र की विशेषज्ञ दीपिका चंद्रवंशी, उप संचालक उद्यानिकी पूजा कश्यप साहू, उद्यान विकास अधिकारी राहुल साहू और ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी नर्मदा प्रसाद भारती समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उप संचालक उद्यानिकी पूजा कश्यप साहू ने जानकारी दी कि महिला समूहों को कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), धमतरी में आगामी दिनों में संग्रहण-पश्चात प्रबंधन का तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें बीजों की सफाई, नमी नियंत्रण, ग्रेडिंग और वैल्यू एडिशन की बारीकियां सिखाई जाएंगी, जिससे महिलाएं इसे संगठित सामूहिक उद्यम के रूप में विकसित कर सकें।

मखाना संग्रहण की पारंपरिक प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होती है। पहली कटाई को स्थानीय स्तर पर ‘लहसर’ कहा जाता है, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत परिपक्व बीज निकाल लिए जाते हैं। इसके बाद दूसरी और तीसरी कटाई क्रमशः ‘मरकट’ और ‘कर्कट’ कहलाती है, जिसमें शेष 30 प्रतिशत बीजों को निकालने के लिए अतिरिक्त समय और श्रम की आवश्यकता होती है। तालाब से निकालने के बाद काले बीजों की अच्छी तरह सफाई की जाती है और नमी कम करने के लिए इन्हें 2 से 30 दिनों तक तेज धूप में सुखाया जाता है। इसके पश्चात बीजों को विशेष भट्ठी या मिट्टी की कड़ाही में भूनकर लकड़ी की थापी से फोड़ा जाता है, जिससे पौष्टिक सफेद और कुरकुरा मखाना (लावा) तैयार होता है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिले में उपलब्ध प्रचुर प्राकृतिक जलस्रोतों का समुचित दोहन कर गैर-पारंपरिक और उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकताओं में है। मखाना उत्पादन से न केवल किसानों और समूहों की आय में भारी इजाफा होगा, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण का भी एक सशक्त माध्यम बनेगा। वैज्ञानिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण प्रसंस्करण और सुदृढ़ बाजार लिंकेज उपलब्ध कराकर जिला प्रशासन ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर उद्यमी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *