रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश के एकीकरण और स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय एकता और अखंडता के महान शिल्पकार थे। उन्होंने अपने अदम्य साहस, कुशल कूटनीति और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर आजादी के बाद सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर एक सशक्त, अखंड भारत की नींव रखी। इतिहास में उनका यह योगदान सदैव अमर रहेगा।
राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की दी सीख
सरदार पटेल के व्यक्तित्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका पूरा जीवन अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का जीवंत उदाहरण है। विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उनका जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि सामूहिक प्रयास, अटूट समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश के सामने मौजूद बड़ी से बड़ी चुनौतियों को दूर किया जा सकता है।
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन पर आगे बढ़ रहा देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को धरातल पर उतार रहा है। भारत आज सुशासन, विकास और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं है, बल्कि देश की अखंडता, सामाजिक समरसता और विविधता को सहेजने के संकल्प को दोहराने का दिन है।
मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों से सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि हमें एक समरस, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए, ताकि राज्य देश की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा सके।
