कुनकुरी में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगमन प्रस्तावित

जशपुरनगर, 6 अगस्त 2026। स्वतंत्रता के अमृतकाल के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जशपुर जिले के कुनकुरी में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आगमन प्रस्तावित है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कुनकुरी पहुंचकर तिरंगा यात्रा मार्ग एवं मंचीय कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लोयोला कॉलेज कुनकुरी से जय स्तंभ चौक तक प्रस्तावित तिरंगा यात्रा मार्ग का अवलोकन कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत परीक्षण किया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि तिरंगा यात्रा में हजारों स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा एवं आमजन हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे। उन्होंने यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर एवं एसएसपी ने लोयोला कॉलेज परिसर तथा जय स्तंभ चौक में प्रस्तावित मंचीय कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने तथा सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम श्री नंदजी पांडे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, पुलिस, राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *