रायपुर स्वतंत्रता दिवस 2026: घुड़सवारों का हैरतअंगेज शो, महिला बैगपाइपर बैंड की धुनें और डॉग स्क्वाड के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन

रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह: घुड़सवारों का अदम्य साहस, महिला बैगपाइपर बैंड और श्वान दल का रोमांचक प्रदर्शन

रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों, महिला बैगपाइपर बैंड, घुड़सवार दस्ते और श्वान दल (Dog Squad) ने अपने उत्कृष्ट अनुशासन और अदम्य साहस का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुए इस गरिमामय आयोजन में जांबाजों के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे।

तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल का हॉर्स शो समारोह में तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दस्ते ने अपनी फुर्ती और संतुलन से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

  • आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व ‘आदित्री’ पर सवार होकर फ्लैग मार्च किया।
  • अजय कुमार यादव ने अश्व ‘आभा’ पर स्टैंडिंग सैल्यूट पेश किया।
  • टेंट पैगिंग और नेज़ाबंदी में अश्व रूद्र, अश्वत्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने शानदार तालमेल दिखाया।
  • शो जंपिंग और गैलप राउंड में अश्व युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने अपनी छलांग और रफ्तार से मैदान में मौजूद जनसमुदाय की जमकर तालियां बटोरीं।

महिला बैगपाइपर बैंड की गूंज: ‘केसरिया बाना’ और ‘इंडिया गेट’ की धुनों पर झूमे लोग 20वीं भारत रक्षित वाहिनी (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल) के 35 सदस्यीय महिला बैगपाइपर बैंड ने आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

  • क्विक व स्लो मार्च: बैंड ने इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना, पुलकित हिमालय, नवरंगी, तर्शपे रील और ड्रम कॉल जैसी धुनों को सेरेमोनियल मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर पर बजाकर समां बांध दिया।
  • उपलब्धियां: इस दल ने वर्ष 2022 में ITBP भानु (पंचकुला) से 6 महीने का कठिन प्रशिक्षण लिया है। यह बैंड 25वीं ऑल इंडिया पुलिस बैंड प्रतियोगिता (दीमापुर) में कांस्य पदक तथा हैदराबाद में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुका है, जहाँ सोनबती ठाकुर को ‘बेस्ट कंडक्टर’ और ‘ऑल राउंडर द बेस्ट’ का खिताब मिला था।

डॉग स्क्वाड का हैरतअंगेज प्रदर्शन: आग के छल्ले से छलांग और विस्फोटक ढूंढने में दिखाई फुर्ती स्क्वाड प्रभारी श्री राज कपूर के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रशिक्षित श्वानों ने 7 अलग-अलग विधाओं में अपनी अद्भुत सूंघने की क्षमता और आज्ञाकारिता का प्रदर्शन किया:

  • पुलिस डॉग मैक्स ने मंच पर अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
  • श्वानों ने मैदान में ‘कमल फूल’ की अनुशासित आकृति बनाई और सिट, डाउन, स्लीप, रोल एवं अप जैसे निर्देशों का सटीकता से पालन किया।
  • श्वान दुलार, मेरी और शिवा ने धधकती आग के गोल रिंग से बेखौफ होकर छलांग लगाई।
  • सुरक्षा विधा के तहत डॉग स्क्वाड ने जमीन में छिपे विस्फोटक पदार्थों, नारकोटिक्स सामग्रियों को ढूंढ निकाला और रूमाल सूंघकर संदिग्ध व्यक्ति की सटीक पहचान करने का लाइव डिमॉन्स्ट्रेशन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *